रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भविष्य में युद्ध को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है। बीजेपी के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने 77वें सेना दिवस के अवसर पर कहा है कि, आने वाले दिनों में संघर्ष और युद्ध अधिक हिंसक तथा अप्रत्याशित हो जाएंगे। उन्होंने इसके साथ ही अनेक देशों में गैर-सरकारी तत्वों का उभरने और उनका आतंकवाद का सहारा लेने पर भी चिंता जाहिर की है।
भारतीय सेना आधुनिक बन रही
राजनाथ सिंह ने कहा है कि, केंद्र सरकार भारत के सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ रही है। बीजेपी नेता ने कहा कि, हमें बदलती हुई विश्व व्यवस्था और जंग बदलते चरित्र का ध्यान रखना होगा। रक्षामंत्री ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, आने वाले समय में संघर्ष और युद्ध अधिक हिंसक तथा अप्रत्याशित होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि जंग में गैर परंपरागत और विषम तरीकों का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है।
साइबर और अंतरिक्ष नए युद्ध क्षेत्र
राजनाथ सिंह ने इस दौरान ये भी कहा है कि, दुनिया में तकनीक में तेजी से विकास हो रहा है। ऐसे में भविष्य की जंगों में बहुत हद तक बदलाव देखने को मिलेंगे। बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने आगे ये भी कहा कि, साइबर और अंतरिक्ष क्षेत्र अब तेजी से नए युद्ध क्षेत्र के रूप में उभर रहे हैं। इसके साथ ही पूरी दुनिया में विमर्श का युद्ध भी लड़ा जा रहा है। उन्होंने भारतीय सेना को इन अनेक चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहने को कहा है।
शांति के लिए ताकत जरूरी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, शांति कायम करने के लिए ताकत जरूरी है और रणनीतिक स्वायत्तता के लिए आत्मनिर्भरता जरूरी है। बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने आगे ये भी कहा कि, 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए मजबूत सुरक्षा प्रणाली, मजबूत सेना और सुरक्षित सीमाओं की आवश्यकता है।
Comments (0)