प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 फरवरी, 2024 को जम्मू का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी लगभग 11:30 बजे, मौलाना आज़ाद स्टेडियम, जम्मू में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में 30,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, सड़क, विमानन, पेट्रोलियम, नागरिक बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। अपने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के लगभग 1500 नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति आदेश वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री 'विकसित भारत विकसित जम्मू' कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
पूरे देश में शिक्षा और कौशल बुनियादी ढांचे के उन्नयन और विकास की दिशा में बढ़ाये गए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रधानमंत्री लगभग 13,375 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। राष्ट्र को समर्पित की जाने वाली परियोजनाओं में आईआईटी भिलाई, आईआईटी तिरूपति, आईआईटी जम्मू, आईआईआईटीडीएम कांचीपुरम उन्नत प्रौद्योगिकियों वाला एक अग्रणी कौशल प्रशिक्षण संस्थान, भारतीय कौशल संस्थान (आईआईएस) कानपुर के स्थायी परिसर तथा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के देवप्रयाग (उत्तराखंड) और अगरतला (त्रिपुरा) स्थित दो परिसर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री देश में तीन नए आईआईएम यानी आईआईएम जम्मू, आईआईएम बोधगया और आईआईएम विशाखापत्तनम का उद्घाटन करेंगे। वे देश में केंद्रीय विद्यालयों के 20 नए भवनों और 13 नए नवोदय विद्यालयों भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री देश में पांच केंद्रीय विद्यालय परिसरों, एक नवोदय विद्यालय परिसर और नवोदय विद्यालयों के लिए पांच बहुउद्देशीय हॉल का शिलान्यास भी करेंगे। ये नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय भवन पूरे देश के छात्रों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अन्य परियोजनाएं
प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर में नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और सार्वजनिक सुविधाओं के प्रावधान के लिए 3150 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की जाने वाली परियोजनाओं में सड़क परियोजनाएं और पुल; ग्रिड स्टेशन, रिसीविंग स्टेशन ट्रांसमिशन लाइन परियोजनाएं; सामान्य प्रवाह उपचार संयंत्र और सीवेज उपचार संयंत्र; कई डिग्री कॉलेज भवन; श्रीनगर शहर में कुशल यातायात प्रबंधन प्रणाली; आधुनिक नरवाल फल मंडी; कठुआ में औषधि परीक्षण प्रयोगशाला; और ट्रांजिट आवास - गांदरबल और कुपवाड़ा में 224 फ्लैट शामिल हैं। जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी उनमें जम्मू-कश्मीर में पांच नए औद्योगिक एस्टेट का विकास, जम्मू स्मार्ट सिटी के एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र के लिए डेटा सेंटर/आपदा रिकवरी केंद्र, परिम्पोरा श्रीनगर में ट्रांसपोर्ट नगर का उन्नयन, 62 सड़क परियोजनाओं और 42 पुलों का उन्नयन - अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, शोपियां और पुलवामा जिलों में नौ स्थानों पर 2816 फ्लैट वाले पारगमन आवास विकास की परियोजना भी शामिल है।