नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन 15 नवंबर को लाखों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते हुए भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। दिल्ली में यमुना किनारे और अलग-अलग छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूजा सामग्री, फल, फूल और सूप लेकर घाटों पर पहुंचे व्रती और श्रद्धालुओं के बीच पूरे माहौल में भक्ति और उत्साह देखने को मिला।
दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाटों पर उमड़ी भीड़
छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में इस बार व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजधानी में 1400 से अधिक छठ घाटों का निर्माण कराया गया है। इन घाटों पर शाम होते ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक तरीके से पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे। छठ गीतों और सूर्य उपासना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
ITO के छठ घाट पर करीब एक लाख लोगों ने दिया अर्घ्य
दिल्ली के आईटीओ स्थित छठ घाट पर महापर्व की भव्यता देखने को मिली। यहां करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर उनकी आराधना की।घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और छठ पूजा की पारंपरिक रस्मों ने पूरे क्षेत्र को आस्था के रंग में रंग दिया। श्रद्धालु परिवार के साथ घाट पहुंचे और सूर्य देव की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कई व्रती दंडवत करते हुए पहुंचे छठ घाट
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति के कई दृश्य देखने को मिले। कई छठ व्रती पूरे रास्ते दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचे। इस दौरान रास्ते में मौजूद लोग व्रतियों को स्पर्श कर प्रणाम करते नजर आए।मान्यता है कि छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना करने से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए पूरी श्रद्धा के साथ यह पर्व मनाते हैं।
संध्या अर्घ्य के बाद सुबह उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ पूजा के तीसरे दिन डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाता है, जिसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दौरान व्रती पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।इसके बाद 16 नवंबर की सुबह छठ व्रती उगते हुए सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसे प्रातःकालीन अर्घ्य या उषा अर्घ्य कहा जाता है। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।
आस्था और परंपरा का प्रतीक है छठ महापर्व
छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का प्रमुख पर्व है। इसमें व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए निर्जला व्रत रखते हैं और परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।