नई दिल्ली: छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के समय में विशेष बदलाव किया है। सोमवार यानी 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के अंतिम दिन उषा अर्घ्य के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे के बजाय 4:30 बजे से शुरू होंगी। सामान्य दिनों की तुलना में मेट्रो का संचालन डेढ़ घंटे पहले शुरू किया जाएगा। इस संबंध में परिवहन मंत्री पंकज कुमार ने घोषणा की है।
सुबह 6 बजे के बजाय 4:30 बजे से चलेगी मेट्रो
डीएमआरसी के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से सेवाएं सुबह 4:30 बजे एक साथ शुरू होंगी। सामान्य दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से शुरू होता है, लेकिन छठ पूजा को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।इस फैसले से उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जिन्हें सुबह जल्दी छठ घाटों तक पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देना है।
शुरुआती समय में 15 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी ट्रेनें
डीएमआरसी ने बताया कि सोमवार को सुबह 4:30 बजे से शुरू होने वाली मेट्रो सेवाएं सभी लाइनों पर शुरुआती समय में 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी।इसके बाद ट्रेनों का संचालन दिन के निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार किया जाएगा। इससे सुबह के समय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और श्रद्धालु समय पर अपने निर्धारित छठ घाटों तक पहुंच सकेंगे।
छठ के उषा अर्घ्य के लिए की गई विशेष व्यवस्था
छठ महापर्व के चार दिनों में तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाता है।16 नवंबर को श्रद्धालु सुबह-सुबह घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपने पूरे नेटवर्क पर सेवाएं जल्दी शुरू करने का फैसला लिया है।
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी जानकारी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस विशेष व्यवस्था की जानकारी दी। डीएमआरसी ने बताया कि सोमवार को सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं सुबह 4:30 बजे शुरू होंगी।इस व्यवस्था का उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुबह जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करना है। मेट्रो के समय में बदलाव से राजधानी में छठ पूजा के अंतिम दिन सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।