दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भी मानसून ट्रफ के असर से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं केरलम और उत्तराखंड में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
केरलम के कई जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है, जबकि उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR में आज भी बरसेंगे बादल
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मानसून ट्रफ का प्रभाव मंगलवार को भी बना रहेगा, जिसके चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है।सोमवार को दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली। इस दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली।
बारिश से दिल्ली में कई जगह जलभराव
सोमवार की बारिश के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कें पानी से भर गईं। आईटीओ समेत राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, शाहदरा और साउथ दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा।
केरलम के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
केरल में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, पलक्कड़ और कासरगोड में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार और बुधवार को भी अलर्ट
मंगलवार के लिए पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में येलो अलर्ट जारी किया गया है।वहीं बुधवार को पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है।
उत्तराखंड में चार जिलों के लिए येलो अलर्ट
उत्तराखंड में भी मंगलवार को मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है।राज्य के पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और मिट्टी धंसने का खतरा भी बढ़ सकता है।
भूस्खलन और अचानक बाढ़ को लेकर सावधानी
मौसम विभाग और आपदा राहत एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य ढांचों के गिरने या क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बताया गया है। मौसम चेतावनी खत्म होने तक झरनों, जलाशयों और अन्य जल निकायों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में सोमवार को भी हुई बारिश
सोमवार को उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। यमकेश्वर में 35 मिलीमीटर, चोरगलिया में 29 मिलीमीटर और चालथी में 26 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।इसके अलावा पोखरी में 21 मिलीमीटर, काशीपुर और रिखणीखाल में 19-19 मिलीमीटर, कनालीछीना में 18.5 मिलीमीटर, देहरादून में 8.5 मिलीमीटर और नैनीताल में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कई राज्यों में मानसून का असर जारी
दिल्ली-NCR, उत्तराखंड और केरलम के अलावा देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट वाले क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।