नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार देखने को मिल रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम का मिजाज अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
लू से राहत, नहीं जारी किया गया कोई अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 जून से 28 जून तक के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। इससे साफ है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य और राहतभरा बना रहेगा। बादलों की मौजूदगी के कारण तेज धूप और लू का असर कम रहेगा।
अगले छह दिनों का तापमान पूर्वानुमान
आईएमडी के मुताबिक 23 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 और 25 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
वहीं 26 जून को तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 27 और 28 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण सप्ताहभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे उमस और गर्मी से अतिरिक्त राहत मिलने की उम्मीद है।
पूरे एनसीआर में रहेगा राहतभरा मौसम
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना फिलहाल नहीं है, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।