नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। दिल्ली समेत उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज बारिश के आसार, 28 अगस्त से मौसम रहेगा शुष्क
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त को दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है। IMD के मुताबिक, 28 अगस्त से 1 सितंबर तक राजधानी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
यूपी-उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 27 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 27 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में भी 27 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के साथ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 31 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
MP-छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर
मध्य भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 27 अगस्त से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 अगस्त को, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर 27 अगस्त को बहुत भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
बिहार, ओडिशा और झारखंड में भी बारिश
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक बारिश का अनुमान है। बिहार में 27 और 29 अगस्त को व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है। ओडिशा में 29 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार में 27 अगस्त से 1 सितंबर के बीच तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, ओडिशा में 29 और 30 अगस्त को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश में 27 अगस्त से 1 सितंबर और असम-मेघालय में 28 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 अगस्त से 1 सितंबर तक बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 27 से 30 अगस्त के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
गोवा में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, यनम, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, तेलंगाना और केरल के कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
समुद्र में न जाएं मछुआरे
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में खराब मौसम और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। अरब सागर के कई समुद्री क्षेत्रों में 31 अगस्त तक परिस्थितियां प्रतिकूल रह सकती हैं। बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और मन्नार की खाड़ी के आसपास भी 31 अगस्त तक समुद्री गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम अलर्ट पर नजर रखने और भारी बारिश, बिजली गिरने तथा तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।