धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आंगई थाना क्षेत्र के धोध बिरजा गांव के पास एक तालाब में डूब रहे किशोर को बचाने के लिए उसकी तीन बहनों ने पानी में छलांग लगा दी। हादसे में तीनों बहनों की जान चली गई।
मंदिर दर्शन के लिए पहुंचा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, नथुआ पुरा गांव का एक परिवार धार्मिक अनुष्ठान के लिए धोध बिरजा गांव के पास स्थित मंदिर पहुंचा था। इसी दौरान करीब 15 वर्षीय किशोर भोलू उर्फ रवि तालाब के किनारे पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल से सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा।
भाई को बचाने के लिए बहनों ने लगा दी छलांग
किशोर को पानी में डूबता देखकर उसकी बहन मनोरमा, बोटो और चचेरी बहन कल्लो ने उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। देखते ही देखते चारों गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया।
SDRF और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बहनों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर बाड़ी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
किशोर की तलाश जारी
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तालाब में किशोर भोलू उर्फ रवि की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तालाब के किनारे सेल्फी लेते समय पैर फिसलना बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही परिवार की तीन बहनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई को बचाने की कोशिश में बहनों की जान चले जाने की इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन की ओर से हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।