लखनऊ: उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वह फिलहाल राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। उनके अचानक इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद यूपी की ब्यूरोक्रेसी में हलचल तेज हो गई है।
दिव्या मित्तल ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की। हालांकि, इस्तीफा देने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और उनका इस्तीफा फिलहाल स्वीकार नहीं हुआ है।
सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
दिव्या मित्तल ने अपने पोस्ट में भावुक अंदाज में लिखा, “आज आभार से आंखें नम हैं। बस एक दृश्य इनमें बसा है। पद तो आज छूट गया, लेकिन सपना नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया।”उनकी इस पोस्ट के बाद उनके इस्तीफे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने इस्तीफा देने के पीछे कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
मुख्य सचिव को दिया इस्तीफा
सूत्रों के मुताबिक, दिव्या मित्तल ने अपना इस्तीफा उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल को सौंपा है। रविवार सुबह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए उन्होंने इसकी जानकारी दी।हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। ऐसे में आगे उनकी सेवा को लेकर अंतिम स्थिति इस्तीफा स्वीकार होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मिर्जापुर और देवरिया की रह चुकी हैं DM
2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। वह मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी (DM) भी रह चुकी हैं।अपने कार्यकाल के दौरान वह सख्त प्रशासनिक शैली के लिए चर्चा में रही हैं। उन्हें अधिकारियों और कर्मचारियों से मौके पर ही जवाब मांगने तथा लापरवाही पर सख्ती बरतने वाली अधिकारी के तौर पर जाना जाता रहा है।
IIT-IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़कर बनीं अफसर
उन्होंने IIT और IIM से पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन विदेश की नौकरी छोड़कर सिविल सर्विस में आने का फैसला किया।उन्होंने पहले प्रयास में IPS परीक्षा पास की थी। इसके अगले ही साल उन्होंने IAS परीक्षा भी पास कर ली और भारतीय प्रशासनिक सेवा का हिस्सा बनीं।
पति भी IAS अधिकारी
दिव्या मित्तल के पति भी IAS अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में दोनों की पृष्ठभूमि के कारण उनका परिवार भी अक्सर चर्चा में रहा है।जानकारी के मुताबिक, दिव्या मित्तल की अभी करीब 17 साल की सेवा बाकी थी। ऐसे में उनका अचानक इस्तीफा देना ब्यूरोक्रेसी के बीच खासा चर्चा का विषय बन गया है।
इस्तीफे की वजह अभी साफ नहीं
दिव्या मित्तल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पद छोड़ने की जानकारी तो दी है, लेकिन इस्तीफा देने का कारण स्पष्ट नहीं किया। फिलहाल उनके इस्तीफे के पीछे क्या वजह है, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।