Wrestlers Protest: शुक्रवार (28 अप्रैल) को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृज भूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों के विरोध का पांचवां दिन है। कई राजनेता अब पहलवानों के पक्ष में बोल रहे हैं। इस बीच ओलिंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा पहलवानों के समर्थन में उतर आए हैं।
पहलवानों के समर्थन में उतरे नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा ने ट्वीट कर कहा कि "भूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों (Wrestlers Protest) को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। हमारे एथलीटों को न्याय की मांग करते हुए सड़कों पर देखकर मुझे दुख होता है। उन्होंने हमारे महान राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने और हमें गौरवान्वित करने के लिए कड़ी मेहनत की है।"
— Neeraj Chopra (@Neeraj_chopra1) April 28, 2023
उन्होंने ट्वीट में लिखा कि एक राष्ट्र के रूप में हम हर इंसान की अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए जिम्मेदार हैं। जो हो रहा है वह कभी नहीं होना चाहिए। यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इससे निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निपटा जाना चाहिए। न्याय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
भावुक हुईं विनेश फोगाट
विनेश फोगाट गुरुवार (27 अप्रैल) को काफी भावुक नजर आई थीं। उन्होंने भारतीय क्रिकेटरों और अन्य टॉप खिलाड़ियों की चुप्पी पर सवाल भी उठाए थे। 'ब्लैक लाइव्स मैटर' आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि हमारे देश में बड़े एथलीट नहीं हैं। कई क्रिकेटर हैं जिन्होंने अमेरिका में ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन के दौरान अपना समर्थन दिखाया था। क्या हम इतने भी लायक नहीं हैं?
Comments (0)