पौष पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में महाकुंभ का आगाज हुआ। पहले दिन 1.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में डुबकी लगाई। इसके बाद आज यानी की मंगलवार को मकर संक्रांति के मौके पर आज महाकुंभ में अमृत स्नान किया जा रहा है।
विदेशी भक्त भी महाकुंभ पहुंच रहे हैं
महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है। संगम पर डुबकी के लिए कड़ाके की ठंड की चिंता किए बिना देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विदेशी भक्त भी महाकुंभ पहुंच रहे हैं। कुंभ मेला क्षेत्र दिव्य सजावट और भव्य तैयारियों से जगमगा उठा है। चारों ओर आध्यात्मिकता का प्रकाश और धर्म की गूंज है। आज मकर संक्रांति पर्व पर अखाड़ों का अमृत स्नान करीब साढ़े नौ घंटे तक चलेगा। शिविर से निकलने और वापस आने में 12 घंटे से भी अधिक समय लगेगा।
आज 2025 महाकुंभ का प्रथम अमृत स्नान है
वहीं उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार ने बताया है कि, आज 2025 महाकुंभ का प्रथम अमृत स्नान है। जिसमें विभिन्न अखाड़ों को साधु-सन्यासी भी स्नान कर रहे हैं। आज ब्रह्म मुहूर्त से ही अखाड़ों का आना शुरू हो चुका है। उन्होंने आगे बताया है कि, अन्य घाटों पर जो स्नान चल रहा है सुबह 7 बजे तक वहां 98 लाख 20 हजार लोगों ने स्नान कर लिया था, ऐसे में अब तक लगभग 1 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं।
स्नान पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो
DGP प्रशांत कुमार ने बताया है कि, आज घाटों पर अत्यंत भीड़ है। हमारे सभी अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। हमारे सभी कंट्रोल रूम के द्वारा लगातार अनुसरण किया जा रहा है। सभी लोग रेड अलर्ट पर हैं। हम लोगों का प्रयास है कि स्नान पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
ड्रोन और CCTV कैमरों का प्रयोग किया जा रहा है
उत्तर प्रदेश के DGP ने यहां आगे कहा कि, पूरे प्रदेश में आज मकर संक्रांति का जो स्नान हो रहा है वो अबाधित तरीके से चल रहा है। अखाड़ों के अन्य घाट होते हैं जिसके अलावा सामान्य घाटों पर भीड़ मौजूद है। DGP प्रशांत कुमार ने आगे बताया है कि, ड्रोन और CCTV कैमरों का भी भरपूर प्रयोग किया जा रहा है।
Comments (0)