देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 10 घंटों में कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं, लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण देश के कई हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले सात दिनों तक पूर्वी, उत्तर-पूर्वी भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
इन राज्यों में अगले 10 घंटे बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, गोवा, झारखंड, सिक्किम, असम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, मणिपुर, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की भी संभावना है।
ओडिशा और पूर्वी भारत में सबसे ज्यादा असर
कम दबाव के क्षेत्र का सबसे अधिक प्रभाव ओडिशा और पूर्वी भारत पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 16 और 17 जुलाई को राज्य में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 से 18 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होने का अनुमान है।
बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
बिहार में 16 से 20 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 21 जुलाई तक व्यापक से बहुत व्यापक वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी दी है।
दिल्ली, पंजाब और उत्तर भारत में कब बढ़ेगी बारिश?
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिलहाल उमस और गर्म रातों का दौर बना रहेगा। हालांकि 19 से 21 जुलाई के बीच इन इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 16 से 21 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।
मध्य और पश्चिम भारत में भी बरसेंगे बादल
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 16 से 21 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जबकि 16 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 और 21 जुलाई को अच्छी बारिश के आसार हैं। पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 16 से 21 जुलाई तक लगातार बारिश जारी रह सकती है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी छिटपुट वर्षा की संभावना बनी हुई है।
बाढ़ और जलभराव का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।