भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है।
दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश के आसार
आईएमडी के मुताबिक 23 से 26 जून और 29 जून के दौरान हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-24 जून और 29 जून को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 जून तथा 28-29 जून को बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 23 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
यूपी, बिहार और मध्य भारत में लू का असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं विदर्भ, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में अगले 2 से 3 दिनों तक हीट वेव का असर रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी तट पर भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 से 29 जून के दौरान व्यापक बारिश होगी। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी सप्ताहभर अच्छी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की जा सकती है।
पहाड़ी राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 29 जून को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।
अगले कुछ दिनों में इन राज्यों में पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के और हिस्सों में आगे बढ़ेगा। इसके बाद झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के शेष क्षेत्रों में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। देशभर में बदलते मौसम के बीच आईएमडी ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।