मुंबई: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने रेलवे स्टेशन पर बम रखने की बात कही। सूचना मिलते ही डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस कंट्रोल रूम में आया धमकी भरा फोन
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम करीब 6:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के माध्यम से एक कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले व्यक्ति ने CSMT रेलवे स्टेशन पर बम रखने की धमकी दी। फोन आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी।
डॉग स्क्वॉड और BDDS की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
धमकी की सूचना मिलते ही डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमें रेलवे स्टेशन पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई।
करीब 3 घंटे तक चली तलाशी, नहीं मिला बम
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का तलाशी अभियान रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर पूरा हुआ। करीब 2 घंटे 40 मिनट तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
धमकी देने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
रेलवे पुलिस की ओर से पूरे मामले की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस धमकी भरा फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। कॉल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और किस उद्देश्य से दी थी।