नई दिल्ली - देश की सुरक्षा व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में NSG ट्रेनिंग अकादमी, मानेसर ने पहली बार महिला कमांडो कन्वर्जन कोर्स शुरू किया है। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की महिला कर्मियों को कमांडो ऑपरेशंस के लिए तैयार किया जा रहा है।

12 सप्ताह तक चलेगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण 24 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक चलेगा। करीब 12 सप्ताह के इस कठिन कोर्स में महिला जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिला कर्मियों को शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, सटीक निशानेबाजी, हस्तक्षेप कौशल, बंधक बचाव और आतंकवाद विरोधी अभियानों से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा में मजबूत होगा महिला कमांडो कैडर
इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा कर्मियों की क्षमताओं को और मजबूत करना है, ताकि वे आतंकवाद विरोधी अभियानों और अन्य चुनौतीपूर्ण सुरक्षा अभियानों में प्रभावी भूमिका निभा सकें। NSG का लक्ष्य इस तरह के प्रशिक्षण के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था में महिला कमांडो का एक मजबूत और प्रशिक्षित कैडर तैयार करना है।

देशभर में NSG की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता
NSG के मानेसर स्थित प्रशिक्षण ढांचे के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में इसके क्षेत्रीय केंद्र भी हैं। मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता और गांधीनगर में मौजूद ये केंद्र जरूरत पड़ने पर देशभर में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महिला कमांडो कन्वर्जन कोर्स की शुरुआत सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।