नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ती प्याज की कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार अब दिल्ली में 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराएगी। यह कीमत मौजूदा औसत खुदरा कीमत से करीब 36 फीसदी कम है। दिल्ली के कई इलाकों में प्याज के दाम 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। सरकार महाराष्ट्र से अपने बफर स्टॉक का प्याज दिल्ली मंगा रही है। इसकी पहली खेप बुधवार को ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए करीब 800 टन प्याज लेकर राजधानी पहुंचेगी।
NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार पर मिलेगा प्याज
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि करीब 800 टन प्याज दिल्ली लाया जा रहा है। इसे NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के स्टोर के जरिए 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपभोक्ताओं को बेचा जाएगा। सरकार का उद्देश्य बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाकर कीमतों पर नियंत्रण करना और आम लोगों को महंगे प्याज से राहत देना है।
चार और शहरों में भेजा जा रहा प्याज
दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र के नासिक में रखे गए बफर स्टॉक से प्याज को रेलवे के विशेष रैक के जरिए चेन्नई, एर्नाकुलम, मदुरै और गुवाहाटी भी भेजा जा रहा है। सरकार ने कीमतों में आगे बढ़ोतरी रोकने के लिए बफर स्टॉक को बाजार में उतारने का फैसला किया है।
एक महीने में 28 फीसदी से ज्यादा बढ़े दाम
उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 25 जुलाई को 34.80 रुपये प्रति किलो थी, जो 25 अगस्त को बढ़कर 44.72 रुपये प्रति किलो हो गई। यानी एक महीने में कीमतों में 28 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। एक साल पहले 25 अगस्त को प्याज की औसत कीमत 28.67 रुपये प्रति किलो थी। इस लिहाज से सालाना आधार पर भी प्याज करीब 56 फीसदी महंगा हुआ है।
दिल्ली की थोक मंडी में दोगुने हुए भाव
दिल्ली में प्याज की कीमतों में तेजी के पीछे महाराष्ट्र में बारिश को भी प्रमुख कारण बताया जा रहा है। बारिश के चलते प्याज की ढुलाई और मंडियों में आवक प्रभावित हुई है। आजादपुर मंडी के व्यापारियों के मुताबिक, प्याज का थोक भाव पहले करीब 25 रुपये प्रति किलो था, जो बढ़कर लगभग 50 रुपये प्रति किलो हो गया है। थोक कीमतों में इस तेजी का सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ा है। व्यापारियों के मुताबिक, अलवर और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों से भी प्याज दिल्ली लाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वहां भी नई फसल का इंतजार होने के कारण आपूर्ति सीमित है।
कई इलाकों में 70 रुपये किलो तक पहुंचा प्याज
दिल्ली के कुछ बाजारों में प्याज की खुदरा कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। महंगे प्याज के कारण कई उपभोक्ता खरीदारी कम करने लगे हैं। आंकड़ों के अनुसार, 24 अगस्त को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत सालाना आधार पर करीब 59 फीसदी बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलो हो गई थी। दिल्ली में सोमवार को औसत खुदरा कीमत करीब 55 रुपये प्रति किलो रही, जबकि एक साल पहले यह 35 रुपये प्रति किलो थी।
सरकार का फोकस कीमतों पर लगाम लगाने पर
बफर स्टॉक से प्याज को बाजार में उतारने और 35 रुपये प्रति किलो की दर पर बिक्री करने के फैसले से सरकार को उम्मीद है कि दिल्ली समेत अन्य प्रमुख शहरों में आपूर्ति बढ़ेगी और बढ़ती कीमतों पर दबाव कम होगा।