नई दिल्ली में आज ‘सिविल इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2’ का आयोजन किया जाएगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। यह समारोह शाम 5 बजे राष्ट्रपति भवन में शुरू होगा। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। इस दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में कुल 65 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें दो पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 56 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।
प्रमुख हस्तियों को मिलेगा सम्मान
इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और मशहूर गायिका अलका याग्निक को भी पद्म भूषण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले देश-विदेश के कई व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनमें अमेरिका, रूस और जॉर्जिया के नागरिक शामिल हैं।
अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान का सम्मान
- पद्म पुरस्कार कला, साहित्य, समाज सेवा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल, शिक्षा और उद्योग जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।
- ‘पद्म विभूषण’ असाधारण सेवा के लिए, ‘पद्म भूषण’ उच्च स्तरीय विशिष्ट सेवा के लिए और ‘पद्म श्री’ उल्लेखनीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
पहले चरण में भी हुए थे 65 सम्मान
गौरतलब है कि इससे पहले 25 मई को पहले नागरिक सम्मान समारोह में भी 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए थे। आज का यह समारोह देश की उन विभूतियों को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान देकर भारत का नाम रोशन किया है।