पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा सियासी संकेत दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने साफ कहा है कि बीजेपी आगामी चुनाव में पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
पटियाला में बीजेपी की अहम बैठक, चुनावी रणनीति पर मंथन
बीएल संतोष पंजाब के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे हैं। सोमवार को उन्होंने पटियाला में आयोजित पहली जोनल बैठक को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी के नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दिया गया। बीजेपी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में पार्टी का संगठन जमीनी स्तर तक मजबूत हो।
सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
बीएल संतोष ने कहा कि बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।
बीजेपी के इस रुख को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पंजाब की राजनीति में पार्टी के शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर समय-समय पर चर्चाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा से गठबंधन की संभावनाओं को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है।
पटियाला और बठिंडा में हुई संगठनात्मक बैठक
बीएल संतोष ने सोमवार को पटियाला और बठिंडा में बीजेपी की संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में पार्टी संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बीजेपी नेतृत्व का फोकस बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान से जोड़ने पर है।
बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पंजाब के लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं को केंद्र की योजनाओं और सरकार के कामकाज को लेकर जनता के बीच जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।बीजेपी का लक्ष्य संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बढ़ाना है।
25 अगस्त को इन शहरों में होंगी बैठकें
बीएल संतोष के पंजाब दौरे का अगला चरण 25 अगस्त को होगा। इस दिन लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल बैठकें आयोजित की जाएंगी। अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ अलग बैठक भी प्रस्तावित है।इन बैठकों में अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी रणनीति की समीक्षा की जाएगी।