देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को मध्यप्रदेश के 17 जिलों में प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
बिहार में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत
बिहार में खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं राजस्थान में इस बार प्री-मानसून सीजन के दौरान सामान्य से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 21 जून के बीच राज्य में 39.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 28 मिमी मानी जाती है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 41 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में चली तेज धूलभरी आंधी
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर अचानक तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे कुछ समय के लिए दिन में ही अंधेरा छा गया। वहीं उत्तर प्रदेश के छह शहरों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज धूप और उमस का असर बना हुआ है।
कई राज्यों में आगे बढ़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अनुकूल परिस्थितियों के चलते अगले दो से तीन दिनों में इसके मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और गुजरात के कई हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।
13 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 दिनों की देरी के बाद मंगलवार को मुंबई पहुंच गया। सामान्यतः मानसून 10 जून तक मुंबई में दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रही। मानसून के पहुंचते ही मुंबई के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।