रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बावल के बनीपुर चौक के पास करीब रात 11:30 बजे चने से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर हुंडई आई-10 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्चा घायल हो गया। ट्राले के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस और बचाव दल ने क्रेन की मदद से ट्राला हटाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
चने से भरा ट्राला कार पर पलटा, पूरी तरह पिचकी गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर बावल के बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर के नजदीक हुआ। चने से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर हुंडई आई-10 कार पर पलट गया।ट्राले का वजन इतना ज्यादा था कि कार पूरी तरह दबकर पिचक गई। उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने क्रेन की मदद से ट्राले को हटवाया। इसके बाद कार की खिड़कियां काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, बच्चा घायल
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, घायलों को कार से निकालकर बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या ने दम तोड़ दिया।इस दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्चा घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
दिल्ली से द्वारका लौट रहा था परिवार
मृतक परिवार राजस्थान के बानपुर के आलू वाली भोलावास गांव का रहने वाला था। दीपक का परिवार लंबे समय से दिल्ली में रह रहा था। परिवार के सदस्य कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव आए थे।शनिवार को सभी लोग हुंडई आई-10 कार में सवार होकर वापस दिल्ली के द्वारका लौट रहे थे। इसी दौरान बावल के बनीपुर चौक के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तेज रफ्तार को बताया हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फ्लाईओवर के पास जाम लगा हुआ था। जाम खुलने के बाद कार आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्राले ने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और फिर आई-10 कार के ऊपर पलट गया।हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हाईवे पर एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद हाईवे पर चने की बोरियां बिखर गईं। बचाव कार्य और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के चलते करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, हादसे के बाद ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।