सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में झूलन उत्सव के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिपरा थाना क्षेत्र के कतैया गोठ चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन जा घुसा। हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ दूर जाने के बाद उसने वाहन को एक गैराज के पास छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया। पुलिस अब चालक की तलाश में जुटी है।
झूलन उत्सव के बीच मची चीख-पुकार
कतैया गोठ चौक पर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास झूलन उत्सव के अवसर पर श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल होने के लिए जुटे थे। इसी दौरान पिपरा की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों में 45 और 65 वर्ष के श्रद्धालु शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में कतैया पंचायत के वार्ड नंबर 15 निवासी सुरेंद्र यादव (45), वार्ड नंबर 12 निवासी तिराई उर्फ तिलो दास (65) और राजू दास (50) शामिल हैं। हादसे में दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद NH-327E पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-327E को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
वाहन बरामद, चालक की तलाश तेज
पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक वाहन को एक गैराज के पास छोड़कर फरार हुआ। पुलिस अब वाहन के मालिक और चालक की पहचान की जांच कर रही है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।