दिल्ली: केंद्र सरकार ने वरिष्ठ विधि अधिकारी तुषार मेहता को एक बार फिर भारत का सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनके पुनर्नियुक्ति प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जारी आदेश के अनुसार तुषार मेहता का नया कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से अगले तीन वर्षों के लिए प्रभावी होगा या अगले आदेश तक जारी रहेगा।
अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरलों को भी मिला विस्तार
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में केंद्र का पक्ष रखने वाले पांच अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरलों (ASGI) के कार्यकाल को भी तीन वर्षों के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। इनमें विक्रमजीत बनर्जी, के.एम. नटराज, सूर्यप्रकाश वी. राजू, एन. वेंकटरमन और ऐश्वर्या भाटी शामिल हैं। इनके पुनर्नियुक्ति आदेश अलग-अलग प्रभावी तिथियों से लागू होंगे।

दिल्ली हाईकोर्ट के ASGI को छह महीने का विस्तार
इसके अलावा चेतन शर्मा को दिल्ली हाईकोर्ट के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के पद पर छह महीने का विस्तार दिया गया है। उनका नया कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।
केंद्र ने जारी किया आधिकारिक आदेश
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी नियुक्तियां कैबिनेट की नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद की गई हैं। इससे केंद्र सरकार की कानूनी टीम में निरंतरता बनी रहेगी और महत्वपूर्ण मामलों में सरकार का पक्ष मजबूती से रखा जा सकेगा।