उत्तरप्रदेश : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस में 22 सितंबर की रात हरियाणा की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल तथा सीआरपीएफ के एक सब-इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल ने पीड़िता को धार्मिक स्थल घुमाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और वारदात को अंजाम दिया।पीड़िता ने बुधवार (23 सितंबर) तड़के करीब 6 बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर मदद मांगी, जिसके बाद हसनपुर व रजाबपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित निकाला और चारों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया।
पहचान की महिला के जरिए रची गई थी साजिश
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 20 सितंबर को उसकी एक परिचित महिला ने उससे संपर्क कर धार्मिक स्थलों के दर्शन का प्रस्ताव दिया था। इसके तहत 21 सितंबर को पीड़िता हरियाणा के सोनीपत में मुजफ्फरनगर निवासी सीआरपीएफ कर्मी मोहित से मिली। वहां से वे मेरठ पहुंचे, जहां मोहित का साथी सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल लालाराम यादव उनके साथ जुड़ गया।22 सितंबर की शाम वे कार से अमरोहा के हसनपुर के लिए निकले और रास्ते में हसनपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर को साथ ले लिया। अतरसी-हसनपुर रोड स्थित एक फार्महाउस में यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रमोद ने खाना व शराब का इंतजाम किया था। आरोप है कि इसके बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। बाद में जब प्रमोद ने कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश की, तो पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए उसे धक्का देकर बाहर निकाला और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
आरोपियों पर BNS की धाराओं में FIR दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
अमरोहा के पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपहरण/प्रलोभन देने और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।यूपी पुलिस के सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, सीआरपीएफ के दोनों जवानों के खिलाफ भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।
उत्तराखंड के निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है फार्महाउस
हसनपुर कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह के अनुसार, जिस फार्महाउस में यह घटना घटी है, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का बताया जा रहा है। पुलिस ने फार्महाउस के मैनेजर से पूछताछ की है और आगे की कानूनी जांच जारी है।
'पुलिस पर लगा ऐसा कलंक जो मिट नहीं सकता' - अखिलेश यादव
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा:"जब शासन ही अपराध पर टिकेगा तो पुलिस बल भी पूरी तरह भ्रष्ट हो जाएगा। अमरोहा में युवती के साथ हुए इस सामूहिक दुष्कर्म ने पुलिस महकमे पर ऐसा कलंक लगा दिया है जिसे कभी धोया नहीं जा सकता।"सपा प्रमुख ने इस मामले में कठोरतम 'ऐतिहासिक कार्रवाई' करने की मांग की है।