Jaipur: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कैबिनेट (Bhajanlal Cabinet Expansion) में वसुंधरा सरकार (2013-2018) में मंत्री रहे 29 चेहरों में से केवल 3 को जगह मिली है। इनमें गजेंद्र सिंह खींवसर, ओटाराम देवासी और सुरेंद्रपाल सिंह टीटी शामिल हैं। वहीं पिछली बीजेपी सरकार में मंत्री रहे वासुदेव देवनानी विधानसभा स्पीकर बन गए हैं। किरोड़ीलाल मीणा और मदन दिलावर वसुंधरा की पहली सरकार में मंत्री थे, लेकिन दूसरी में नहीं थे। भजनलाल सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार से यह साफ हो गया है कि अब वरिष्ठता की जगह नए चेहरों को ज्यादा मौका दिया जाएगा। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने नए चेहरों को मौका देकर पुरानी लीडरशिप को मार्गदर्शक मंडल में भेजने का मैसेज दिया है।
इन 12 मंत्रियों को कैबिनेट में मिली जगह
भजनलाल की कैबिनेट में वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर को जगह मिली। वहीं, आदिवासी समाज से आने वाले बाबू लाल खराड़ी ने भी शनिवार को शपथ ली। वह उदयपुर जिले के झाड़ोल सीट से चौथी बार विधायक निर्वाचित किए गए हैं। इनके अलावा मदन दिलावर (एससी), जोगाराम पटेल (ओबीसी), सुरेश सिंह रावत (ओबीसी), अविनाश गहलोत (ओबीसी), ज़ोराराम कुमावत(ओबीसी), हेमंत मीणा (एसटी), कन्हैया लाल चौधरी (जाट) और सुमित गोदारा (जाट) को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। हेमंत मीणा उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ जिले के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के बेटे हैं. वह पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
राजस्थान के वह मंत्री जिनकी सीट पर अभी चुनाव होना बाकी
22 मंत्रियों में एक मात्र महिला चेहरा डॉ.मंजु वाघमार हैं जिन्हें राज्यमंत्री (Bhajanlal Cabinet Expansion) बनाया गया है। अन्य राज्य मंत्रियों में ओटा राम देवासी (ओबीसी),विजय सिंह चौधरी (जाट), के के बिश्नोई (विश्नोई) और जवाहर सिंह बैडम (गुर्जर) हैं। वहीं, राजस्थान में संजय शर्मा (ब्राह्मण), गौतम कुमार, झाबर सिंह खर्रा (जाट), सुरेंद्र पाल सिंह और हीरा लाल नागर को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि सुरेंद्र पाल ने अभी चुनाव नहीं जीता है। वह करणपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी हैं और इस सीट पर 5 जनवरी को उपचुनाव होगा।