नई दिल्ली - रक्षाबंधन 2026 की तारीख को लेकर 27 और 28 अगस्त के बीच बना भ्रम अब दूर हो गया है। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाना उचित माना जा रहा है।
राखी बांधने का पहला शुभ समय
28 अगस्त को भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए सुबह 6:24 बजे से 9:48 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। इस दौरान बहनें पूजा-अर्चना के बाद भाई को तिलक लगाकर राखी बांध सकती हैं।
अभिजीत मुहूर्त में भी बांध सकते हैं राखी
अगर किसी कारण से सुबह के समय राखी नहीं बांध पाएं, तो दोपहर में 12:01 बजे से 1:05 बजे तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। धार्मिक मान्यताओं में अभिजीत मुहूर्त को शुभ कार्यों के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। इसलिए इस अवधि में भी राखी बांधी जा सकती है।
27 अगस्त या 28 अगस्त, कौन सा दिन सही?
पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त से शुरू होने के बावजूद पर्व के लिए उदया तिथि का आधार लिया जा रहा है। इसी वजह से रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। ऐसे में भाई-बहन के इस पर्व को लेकर 27 अगस्त की तारीख को लेकर बनी उलझन दूर हो जाती है।
क्या है रक्षाबंधन का महत्व?
रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना करती है। इसके बदले भाई बहन की रक्षा और हर परिस्थिति में उसका साथ देने का संकल्प लेता है। परिवारों में इस दिन पूजा, मिठाई और उपहारों के साथ उत्सव का माहौल रहता है।
नोट: पूजा और मुहूर्त के समय स्थानीय पंचांग या क्षेत्रीय मान्यताओं के अनुसार कुछ मिनटों का अंतर संभव है।
