अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने राष्ट्रीय टीम को लेकर बड़ा फैसला किया है। मेसी ने भावुक संदेश के जरिए बताया कि वह अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके लिए बेहद मुश्किल और दर्द देने वाला है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि यही सही समय है।
20 साल तक अर्जेंटीना के लिए दिया सबकुछ
मेसी ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने सिर्फ हाल के वर्षों में ही नहीं, बल्कि पूरे करियर के दौरान अर्जेंटीना की जर्सी के लिए अपना सबकुछ झोंक दिया। उनका मकसद हमेशा देशवासियों को फुटबॉल के जरिए खुशी देना और उन्हें अर्जेंटीनी होने पर गर्व महसूस कराना रहा।
'मैंने खुद को पूरी तरह खाली कर दिया'
मेसी ने कहा कि राष्ट्रीय टीम से यह अध्याय खत्म करना उन्हें बहुत दर्द दे रहा है। उन्होंने लिखा कि वह अर्जेंटीना की टीम से प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि उनके पास देने के लिए ज्यादा कुछ नहीं बचा है। साथ ही उन्होंने टीम में आने वाली नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को मौका देने की बात भी कही।

फैंस और परिवार को कहा धन्यवाद
मेसी ने अर्जेंटीना के प्रशंसकों का 20 वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि अब वह मैदान के अंदर से नहीं, बल्कि बाहर से टीम का समर्थन करेंगे और अच्छे-बुरे हर दौर में उसके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने अपने परिवार को भी इस लंबे और मुश्किल सफर में हमेशा साथ देने के लिए धन्यवाद दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने सभी कोच, साथियों और टीम से जुड़े अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि वह अपने साथ कई यादगार पल लेकर जा रहे हैं।
'मुझे गर्व है कि मैंने आपको सपने दिए'
मेसी ने कहा कि उन्हें इस बात की शांति और गर्व है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जेंटीना के प्रशंसकों को उनके सपने जीने के पल दिए। उन्होंने अपने संदेश का अंत भावुक अंदाज में 'मैं आप सभी से प्यार करता हूं' और 'वामोस अर्जेंटीना!' के साथ किया।
21 जुलाई को लिखे थे ये शब्द
मेसी ने यह भी बताया कि उन्होंने यह संदेश 21 जुलाई, फाइनल के दो दिन बाद लिखा था। उन्होंने कहा कि अपने पिता से जुड़ी घटना के बाद वह अपने इस फैसले को लेकर पहले से भी ज्यादा आश्वस्त हैं।