WhatsApp अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स जोड़ रहा है। अब कंपनी ग्रुप चैट के लिए एक बहुप्रतीक्षित सुविधा लेकर आई है। इस नए फीचर के जरिए किसी नए सदस्य को ग्रुप में जोड़ते समय उसे पिछली बातचीत भी साझा की जा सकेगी। इसके अलावा WhatsApp Web पर भी जल्द वीडियो कॉलिंग की सुविधा मिलने वाली है।
नए मेंबर को दिखेंगे पुराने मैसेज
अब तक जब किसी नए व्यक्ति को ग्रुप में जोड़ा जाता था, तो वह पुरानी चैट नहीं देख पाता था। लेकिन नए Group Message History फीचर के तहत एडमिन या सदस्य चाहें तो हाल की बातचीत उसे भेज सकते हैं। इससे नया मेंबर ग्रुप की चर्चा को आसानी से समझ सकेगा।
एक टैप में शेयर होगी चैट हिस्ट्री
नए सदस्य को जोड़ते समय “Send message history” का विकल्प मिलेगा। इसमें 25, 50, 75 या 100 मैसेज तक चुनकर भेजे जा सकते हैं। खास बात यह है कि हिस्ट्री दिनों के हिसाब से नहीं, बल्कि मैसेज बबल्स के आधार पर शेयर की जाएगी।
सभी सदस्यों को मिलेगी सूचना
जब किसी नए सदस्य के साथ चैट हिस्ट्री साझा की जाएगी, तो ग्रुप के सभी लोगों को इसकी जानकारी मिलेगी। नए सदस्य को एक विशेष लेबल भी दिखाई देगा, जिसमें यह बताया जाएगा कि उसे किस तारीख और समय से मैसेज हिस्ट्री प्राप्त हुई है।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर
कंपनी के अनुसार, साझा की गई पूरी चैट एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगी। साथ ही, जो मैसेज हिस्ट्री भेजी जाएगी, वह सामान्य मैसेज से अलग दिखाई देगी। इसमें टाइमस्टैम्प और सेंडर की डिटेल भी स्पष्ट रूप से मौजूद होगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
WhatsApp Web पर जल्द वीडियो कॉलिंग
इसके अलावा WhatsApp Web यूजर्स के लिए भी एक अहम अपडेट आने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राउजर पर वीडियो कॉलिंग फीचर की टेस्टिंग जारी है। फिलहाल कॉलिंग की सुविधा Windows और macOS ऐप पर उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही Chrome, Safari और Firefox जैसे ब्राउजर पर भी वीडियो कॉल करना संभव हो सकता है। यह फीचर अभी बीटा वर्जन में देखा गया है और जल्द सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है।
Comments (0)