लखनऊ: उत्तरप्रदेश में दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए त्योहारों के दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दीपावली और छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों पर लोगों को निर्बाध बिजली मिलनी चाहिए। इसके लिए बिजली विभाग पहले से जरूरी तैयारियां पूरी करे।मंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। जहां बिजली व्यवस्था में सुधार की जरूरत है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।
त्योहारों पर बकाया बिल के नाम पर नहीं कटेंगे कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बकाया बिजली बिल की वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं।उन्होंने कहा कि छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
झटपट पोर्टल के लंबित आवेदनों का होगा निस्तारण
ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शन के लिए आए आवेदनों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि पोर्टल पर लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण किया जाए। इसके अलावा जिन आवेदनों को निरस्त किया गया है, उनकी समीक्षा कर व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाएं।जहां बिजली की मांग के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, वहां तत्काल क्षमता विस्तार किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बिजली कटौती जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
नवंबर के बिजली बिल में 9.70% की राहत
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी।इसका लाभ घरेलू, व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने मिलेगा।सरकार की ओर से दी जा रही इस राहत से बिजली उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली व्यवस्था
ऊर्जा मंत्री ने नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।