चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जनपद की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। अत्यधिक बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधार और लोगों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को तय समयसीमा के भीतर अभियान पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी संबंधित मोटर मार्गों को 15 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से गड्ढामुक्त किया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों और सड़क निर्माण एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएचएआई लोक निर्माण विभाग पीएमजीएसवाई एनपीसीसी ग्रामीण निर्माण विभाग पीआईयू ठुलीगाड़ जिला पंचायत चंपावत समेत अन्य संबंधित विभागों को अपने कार्यक्षेत्र में सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
इसके अलावा जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों तथा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क की स्थिति का जायजा लेने और गड्ढों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सप्ताह में तैयार करनी होगी कार्ययोजना
अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को अपने क्षेत्र में आने वाले मोटर मार्गों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों का चिह्नीकरण करना होगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी एक मोटर मार्ग के गड्ढामुक्ति कार्य की जिम्मेदारी केवल एक ही कार्यदायी संस्था के पास रहे। इससे कार्य में किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं होगी और सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी भी स्पष्ट रहेगी।
15 सितंबर से शुरू होगा बड़ा अभियान
जिला प्रशासन के अनुसार गड्ढामुक्ति अभियान से संबंधित निविदा समेत सभी आवश्यक प्रक्रियाएं 15 सितंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद उसी दिन से जनपद में व्यापक स्तर पर गड्ढामुक्ति अभियान शुरू किया जाएगा।
अभियान के दौरान सड़कों की मरम्मत निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करना होगा कि मरम्मत कार्य केवल औपचारिकता न रहे बल्कि सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार दिखाई दे।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर विशेष फोकस
हाल के दिनों में अत्यधिक बारिश के कारण जनपद की कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कें होने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य बारिश से प्रभावित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर आवागमन को सुरक्षित बनाना है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मोटर मार्गों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करना होगा काम
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए सभी गड्ढामुक्ति कार्य 15 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने होंगे।