देहरादून : उत्तराखंड को उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किए जाने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उत्तराखंड ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि 8 जुलाई 2026 को हासिल की थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए बधाई पत्र में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व प्रशासनिक प्रतिबद्धता और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर देश के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
वयस्क शिक्षार्थियों को सशक्त बनाता उल्लास कार्यक्रम
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि समग्र शिक्षा के माध्यम से बाल्यावस्था की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर बालवाटिका पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और कक्षा 12 तक स्कूली शिक्षा को मजबूत करते हुए सभी के लिए शिक्षा की पहुंच समानता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं उल्लास कार्यक्रम उन वयस्क शिक्षार्थियों को सशक्त बनाने का काम करता है जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि उल्लास के माध्यम से वयस्क शिक्षार्थियों को आधारभूत साक्षरता के साथ-साथ जीवन कौशल और डिजिटल दक्षता प्रदान की जाती है। इससे उन्हें बदलते दौर के साथ कदमताल करने और सामाजिक एवं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनने का अवसर मिलता है।
अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बनेगा उत्तराखंड
प्रह्लाद जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की पूर्ण साक्षरता की उपलब्धि देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य राज्य भी समावेशी और समानतापूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयासों को और गति देंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सतत शिक्षा जीवन कौशल और व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से नव-साक्षरों के समग्र सशक्तीकरण में उत्तराखंड की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी अहम योगदान देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल सरकार की नहीं बल्कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों शिक्षकों स्वयंसेवकों और प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता एवं जनभागीदारी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है। सरकार प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा डिजिटल साक्षरता और आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद प्रदेशवासियों ने शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा हासिल करना इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है और भविष्य में राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता एवं पहुंच को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।