उत्तरकाशी : जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोखरी गांव बाड़ागड्डी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को आज भी मरीजों को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ रहा है। ताजा मामला गांव की 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला नत्थी देवी का है जिन्हें हार्ट अटैक आने के बाद ग्रामीणों ने डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पोखरी निवासी नत्थी देवी पत्नी जमन सिंह राणा की तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव में सड़क सुविधा उपलब्ध न होने के कारण एंबुलेंस या अन्य वाहन का पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने एकजुट होकर बुजुर्ग महिला को डंडी-कंडी के सहारे उठाया और पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।
हैरानी की बात यह है कि उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद पोखरी गांव के ग्रामीण आज भी सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं। आधुनिक विकास के दौर में भी यहां के लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पारंपरिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बीमार पड़ने पर ग्रामीणों के सामने खड़ी होती है बड़ी चुनौती
गांव में सड़क न होने का खामियाजा ग्रामीणों को आए दिन भुगतना पड़ता है। किसी व्यक्ति के अचानक बीमार पड़ने बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने या गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के दौरान ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आवागमन की होती है। आपातकालीन स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना भी मुश्किल हो जाता है।
वर्षों से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि जिला मुख्यालय के इतने नजदीक होने के बावजूद गांव तक सड़क नहीं पहुंच पाना चिंता का विषय है। वर्षों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग उठाते आ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पोखरी गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कोई विलासिता नहीं बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा शिक्षा आवागमन और सम्मानजनक जीवन के लिए बुनियादी जरूरत है। सड़क सुविधा के अभाव में सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों बीमार लोगों महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है।
क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है प्रशासन?
पोखरी गांव की यह तस्वीर पहाड़ों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर किए जा रहे विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर होने के बावजूद ग्रामीणों को मरीजों को डंडी-कंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है।
अब सवाल यह है कि आखिर पोखरी गांव के लोगों को सड़क सुविधा के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा क्या शासन-प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है या ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर जल्द कार्रवाई करते हुए गांव को सड़क से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी?