पिथौरागढ़। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम में अनोखे अंदाज में क्रिकेट मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने पारंपरिक फीता काटने की बजाय खुद क्रिकेट पिच पर उतरकर बल्ला थामा और खिलाड़ियों के साथ छह गेंदें खेलीं। मुख्यमंत्री का यह अंदाज वहां मौजूद खिलाड़ियों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
खिलाड़ियों के बीच घुले-मिले मुख्यमंत्री
उच्चीकृत क्रिकेट मैदान को जनपदवासियों को समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सिर्फ क्रिकेट ही नहीं खेला, बल्कि फुटबॉल और हॉकी में भी युवाओं के साथ हिस्सा लिया। पहाड़ के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री को मैदान में अपने बीच खेलते देखना खास अनुभव रहा।
युवाओं को दिलाई नशे के खिलाफ शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच सिखाता है, जबकि नशा युवाओं के भविष्य को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से राज्य के नशा मुक्त अभियान से जुड़ने की अपील की।
9 खिलाड़ियों को सम्मान, फ्लड लाइट लगाने का ऐलान
मुख्यमंत्री धामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि स्टेडियम में चारों ओर फ्लड लाइट लगाई जाएगी, जिससे खिलाड़ी शाम के समय भी अभ्यास कर सकेंगे।
नई खेल नीति पर भी बोले CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दी जा रही है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के जरिए गांव और दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। उन्होंने उत्तराखंड को खेलों में अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।