मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप को अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अखंड समर्पण का प्रतीक बताया। सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि हल्दी घाटी की पावन धरा आज भी महाराणा प्रताप के पराक्रम, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा सुनाती है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन देशवासियों को यह प्रेरणा देता है कि राष्ट्र के सम्मान और गौरव की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अडिग रहना चाहिए।
मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष का रास्ता चुना
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने जीवन में कभी समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। उनका त्याग, बलिदान और स्वाभिमान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। सीएम ने प्रदेशवासियों से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने का आह्वान भी किया।