पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारी उत्साह देखने को मिला। समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक, साधु-संत और पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
साधु-संतों ने लगाए जयकारे
समारोह में पहुंचे साधु-संतों ने जयकारे लगाए और शंखनाद भी किया। एक साधु ने कहा कि लंबे समय तक राज्य में कम्युनिस्ट और कांग्रेस की सरकार रही, जबकि तृणमूल कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर साधु-संतों का उत्साह स्वाभाविक है। साधु ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे हिंदुओं की पसंद हैं और जहां जाते हैं, वहां भगवा का सम्मान बढ़ता है।
“अब बंगाल में शुरू हुआ रामराज्य”
एक अन्य साधु ने कहा कि बंगाल में अब “रामराज्य” की शुरुआत हो चुकी है, इसलिए संत समाज बड़ी संख्या में यहां पहुंचा है।
दिल्ली से आए एक भाजपा समर्थक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में “सनातनी सरकार” बनने जा रही है और राज्य में त्योहार जैसा माहौल है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ खुशी और उत्साह दिखाई दे रहा है।
टैगोर जयंती पर कार्यकर्ता लेकर पहुंचे तस्वीर
समारोह में पहुंचे एक भाजपा कार्यकर्ता ने रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर हाथ में लेकर कहा कि आज गुरुदेव की जयंती भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को “भारत का शेर” बताया। एक महिला भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने “सोनार बांग्ला” का सपना दिखाया था और अब बंगाल उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में “कमल खिल चुका है” और लोग नई सरकार को लेकर बेहद उत्साहित हैं।