योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने केडीएसजी अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और निवेश को लेकर कई अहम बातें कहीं।
उत्तर प्रदेश बना विकास का इंजन
सीएम योगी ने कहा कि कभी पहचान के लिए मोहताज रहा उत्तर प्रदेश आज विकास का इंजन बन चुका है। गौतम बुद्ध नगर में फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के साथ-साथ बेहतर सेवाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान “एक जनपद, एक माफिया” के रूप में होती थी, लेकिन अब सरकार “एक जनपद, एक मेडिकल कॉलेज” की दिशा में काम कर रही है।
सस्ती और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के लगभग 60 करोड़ और उत्तर प्रदेश के करीब 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी भागीदारी भी जरूरी है ताकि आम लोगों को भरोसेमंद और सस्ती चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है।
मेडिकल कॉलेज और रोजगार के अवसर
सीएम योगी ने बताया कि 2014 तक देश में केवल 6 एम्स थे, लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 17 से बढ़कर 81 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि केडीएसजी अस्पताल जैसे संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 300 बेड वाले इस अस्पताल से करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
सांसद महेश शर्मा ने भी रखी बात
इस अवसर पर महेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि करीब 30 साल पहले निवेशक इस क्षेत्र में आने से कतराते थे, क्योंकि कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था, सड़क और आधारभूत ढांचे में बड़े सुधार हुए हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। जापान और सिंगापुर जैसे देशों के निवेशक भी अब प्रदेश में निवेश को लेकर उत्साहित हैं।
Comments (0)