बहराइच - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और ज़मीन के पट्टे वितरित किए। यह कार्यक्रम समाज के गरीब और पिछड़े वर्ग के पुनर्वास और जीवन स्तर सुधारने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीएम योगी ने विपक्ष पर किया हमला
सीएम योगी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि, पिछली सरकारों ने जाति के आधार पर नीतियां बनाकर देश और गरीबों को अपूरणीय नुकसान पहुँचाया। उनका कहना था कि, जब सत्ता में विपक्ष आते हैं, तो उनके काम केवल परिवार तक सीमित रह जाते हैं और गरीबों तथा पिछड़े वर्ग की जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
हमारी सरकार सभी वर्ग के लिए काम कर रही
यूपी के मुखिया ने आगे अपने संबोधन में कहा अगर हमने जाति आधारित बांट-फाट नहीं करके देश को एकता के सूत्र में बांधकर काम किया होता, जैसा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है, तो गरीबों का पुनर्वास बहुत पहले ही हो गया होता। हमारी सरकार गरीबों और पिछड़े वर्ग के लिए काम कर रही है, ताकि उन्हें जीवन में स्थायित्व और गरिमा मिल सके।
लाभार्थियों को नए मकान और पट्टे सौंपे गए
इस कार्यक्रम में लाभार्थियों को नए मकान और पट्टे सौंपे गए, जिससे उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान बढ़े। शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता और स्वास्थ्य में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कदम एक भारत, श्रेष्ठ भारत के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में छोटे लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास हैं। कार्यक्रम में राज्य सरकार के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस वितरण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और लाभार्थियों की खुशियों में सहभागी बने।