प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार (28 मार्च) को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पुरानी सरकारों पर जोरदार हमला बोला और कहा कि पहले नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था क्योंकि उन्हें अपनी कुर्सी जाने का डर था।वहीं पीएम के संबोधन के बाद बीजेपी पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ने कहा कि, इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बनना हमारे देश, पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।
पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है
भारतीय जनता पार्टी नेता दिनेश लाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, हमारे देश, पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है कि भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया है।
सरकार जनता पर पूरी तरह ध्यान दे रही है
वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर दिनेश लाल यादव ने कहा कि, सरकार जनता पर पूरी तरह ध्यान दे रही है। बीजेपी नेता ने कहा कि, मुझे लगता है कि अखिलेश यादव को यह ध्यान रखना चाहिए कि जनता में कोई भ्रम न फैलाएं। ऐसे संकट के समय में हमारा देश कैसे सुरक्षित रहे इस विषय में बात करें।
अखिलेश यादव का बयान...
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि, भाजपा संविधान से नहीं, मनविधान से चलती है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलिंडर को लेकर स्थितियां खराब हैं। अखिलेश ने शुक्रवार को एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है।