पीएम मोदी ने आज शनिवार (28 मार्च) को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम ने राज्य की पुरानी सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, पहले नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था क्योंकि उन्हें अपनी कुर्सी जाने का डर था। सपा पर आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, सपा सरकार की वजह से इस एयरपोर्ट का काम नहीं हो पाया।
समाजवादी पार्टी ने नोएडा को बनाया था लूट का ATM
पीएम मोदी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, सपा वालों ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया। कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि, पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था लेकिन, आज बीजेपी सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। हमारा जेवर एयरपोर्ट पूरे उतर भारत को देश से जोड रहा है।
कुर्सी जाने के डर से सत्ताधारी नोएडा नहीं आते थे
उन्होंने आगे अखिलेश यादव पर तंज भरे अंदाज में कहा कि, जिस नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। उन्होंने कहा कि, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो सीएम इतने डरे हुए थे कि उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की कि अभी-अभी पीएम बने हो नोएडा मत जाओ।
नोएडा का ये एयरपोर्ट पूरे क्षेत्र को लाभ देगा
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, नोएडा का ये एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इटावा और इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नौजवानों के लिए अनेक अवसर लेकर आने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।