हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें 55 शिकायतें प्रत्यक्ष रूप से और 15 शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुईं। इनमें से 32 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राशन समस्या प्रमुख
जनसुनवाई में भूमि विवाद बिजली जलभराव राशन अतिक्रमण तथा पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। इसके अलावा 25 ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ग्रामीणों की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराई गईं जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए ताकि जनता को समय पर राहत मिल सके।