प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संबोधन के दौरान कहा कि बंगाल की पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी और घुसपैठ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर रोक लगेगी। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनने पर उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक अब कमल ही कमल खिला है।
मोदी के भाषण की बड़ी बातें…
ऐतिहासिक जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को
यह दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। वर्षों की मेहनत आज सफलता में बदली है और इस जीत का पूरा श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को जाता है।
गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा का विस्तार
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में भाजपा/एनडीए की सरकार बनने से गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल चुका है।
बंगाल में नई शुरुआत और आयुष्मान भारत लागू
बंगाल में विकास का नया अध्याय शुरू होगा। राज्य में भयमुक्त वातावरण बनेगा और पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी। साथ ही घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।