रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया है। उन्होंने उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम को पत्र लिखकर कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों को फिर से शुरू करने की मांग की है।




कई ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई थीं
सांसद ने अपने पत्र में कहा कि COVID-19 महामारी के दौरान कई ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई थीं, जिनमें से कई अब तक बहाल नहीं हो सकी हैं। इसका सीधा असर रायबरेली और आसपास के यात्रियों पर पड़ रहा है।
ट्रेनों के संचालन को जल्द बहाल करने की मांग
राहुल गांधी ने विशेष रूप से रायबरेली से गुजरने वाली ट्रेनों के संचालन को जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। उन्होंने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने, ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने और मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की भी अपील की है। पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ट्रेनों के बंद रहने से दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जल्द से जल्द सेवाएं बहाल करना जरूरी है।