मध्यप्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने इस बार गेहूं खरीदी की तारीख बढ़ा दी है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में अब गेहूं खरीदी 1 अप्रैल की जगह 10 अप्रैल से शुरू होगी। बाकी संभागों में खरीदी 15 अप्रैल से की जाएगी। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है।
गेहूं खरीदी पर अतिरिक्त बोनस
मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 19 लाख किसानों को अतिरिक्त बोनस देगी। इस बार गेहूं की खरीदी पर प्रति क्विंटल 40 रुपये अतिरिक्त बोनस मिलेगा, यानी किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।
खरीदी प्रक्रिया और समय
प्रदेश में गेहूं खरीदी का काम चरणबद्ध रूप से शुरू किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। खरीदी केंद्र शासकीय कार्य दिवसों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुलेंगे।
किसानों के लिए सुविधाएं
सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडा पेयजल, पंखे, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि धूप में खड़े होने से किसी प्रकार की असुविधा न हो।