भोपाल में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन आज अपने समापन चरण में पहुंच गया है। इस सम्मेलन के समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
दोपहर बाद उज्जैन दर्शन के लिए जाएंगे विधायक
युवा विधायक सम्मेलन के समापन के बाद विधायक गण उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। इस सम्मेलन का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। इसके अलावा एमपी के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष भी उपस्थित थे।
राजनीति में मर्यादा और अनुशासन जरूरी
सम्मेलन में लगभग 50 युवा विधायक शामिल थे। पहले दिन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनता के बीच बने रहने के लिए विनम्रता बनाए रखना, इलाके की अच्छाई के साथ कमजोरी को समझना और राजनीति में मर्यादा और अनुशासन बनाए रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया देख रही है कि भारत 2047 के अमृत काल की ओर कैसे बढ़ रहा है।