लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कानून-व्यवस्था और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद 5 थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि 2 डिप्टी एसपी (CO) पर जांच के आदेश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला
DGP ने पुलिस मुख्यालय में हाई लेवल मीटिंग की, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के ADG, IG/DIG और SSP/SP स्तर के अधिकारी जुड़े। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बढ़ते हादसों पर कार्रवाई
कई जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए DGP ने सख्त कार्रवाई की। जिन थाना क्षेत्रों में हादसों में वृद्धि पाई गई, वहां के प्रभारियों को जिम्मेदार मानते हुए लाइन हाजिर किया गया।
इन जिलों में कार्रवाई
कार्रवाई के तहत वाराणसी के चोलापुर थाना प्रभारी, गोरखपुर, कन्नौज, बाराबंकी और जौनपुर के थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर किया गया है।
CO स्तर पर भी जांच
बाराबंकी और जौनपुर के ट्रैफिक CO के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
सख्त संदेश
DGP राजीव कृष्णा ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।