भोपाल:मध्य प्रदेश में आज से गेहूं खरीदी प्रक्रिया शुरू हो रही है। सरकार ने इसके लिए व्यापक तैयारियां की हैं और पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री निवास में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
समर्थन मूल्य और बोनस
राज्य सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसके साथ ही 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जाएगा। इस तरह किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।
हजारों उपार्जन केंद्र तैयार
प्रदेश में गेहूं खरीदी के लिए 3,627 केंद्र स्थापित किए गए हैं। सरकार ने इस साल 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य रखा है। छोटे और सीमांत किसानों की उपज को प्राथमिकता दी जाएगी।
किसानों का स्वागत करेगी बीजेपी
खरीदी के पहले दिन मंडियों में आने वाले किसानों का विशेष स्वागत किया जाएगा। बीजेपी किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करें।
चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी खरीदी
आज से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में खरीदी शुरू हो रही है। जबकि अन्य संभागों में 15 अप्रैल से गेहूं खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बड़ा लक्ष्य, बड़ी तैयारी
सरकार की कोशिश है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से चले और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।