मध्यप्रदेश में 9 अप्रैल 2026 से समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की खरीदी शुरू हो रही है। शुरुआत में छोटे किसानों से गेहूं खरीदा जाएगा, इसके बाद मध्यम और बड़े किसानों की फसल की खरीदी की जाएगी।
गेहूं का MSP 2585 रुपये तय
राज्य में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सरकार की ओर से 40 रुपये का बोनस भी दिया जाएगा। इस तरह किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा।
बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं के दाम को इस स्तर तक लाना चुनौतीपूर्ण था और सरकार इसे आगे बढ़ाकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक ले जाने की दिशा में काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
खरीदी केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो। सरकार का लक्ष्य सिर्फ गेहूं खरीदना नहीं, बल्कि किसानों को सम्मानजनक और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों पर हेल्प डेस्क, कंट्रोल रूम, पेयजल और छाया जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।
लाइन में लगने की परेशानी नहीं होगी
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टर और एसडीएम को निर्देशित किया है कि किसानों के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि उन्हें लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े।
सीएम कार्यालय से होगी निगरानी
गेहूं खरीदी प्रक्रिया की निगरानी अब राज्य स्तर पर भी की जाएगी। सीएम कार्यालय के कंट्रोल रूम से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। साथ ही, जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम से रोजाना रिपोर्ट ली जाएगी, जिससे किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की शिकायतों का निपटारा स्थानीय स्तर पर ही हो जाए।