बड़वानी जिले में बुधवार को हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार अंजड़ थाना क्षेत्र के मोहिपुरा गांव में यह कंपन दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर अचानक जमीन हिलने लगी, जिससे घरों में रखे बर्तन और पंखे हिलने लगे। घबराए लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों का कहना है कि यह झटके लगभग 2 मिनट तक महसूस हुए।
धरती हिली तो सहमे लोग
अंजड़ थाना क्षेत्र के मोहिपुरा गांव में बुधवार दोपहर 12:48 बजे हल्के भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। जिले में स्थापित भूकंप केंद्र की एमईक्यू मशीन में यह कंपन रिक्टर स्केल पर 3.6 दर्ज किया गया। नर्मदा नदी के किनारे बसे मोहिपुरा और आसपास के गांवों में लोगों ने अपने घरों में बर्तन, फर्नीचर और पंखों को हिलते देखा।
कलेक्टर ने कहा- स्थिति पर नजर
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने बताया कि भूकंप की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजकर वस्तुस्थिति का जायजा लेने और विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।