कोलकाता: लिव-इन रिलेशनशिप में आई दरार और उसी गुस्से में प्रेमिका के दो पालतू कुत्तों की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज आरोप एक युवक पर लगा है। दक्षिण कोलकाता के जादवपुर स्थित विक्रमगढ़ में शुक्रवार रात हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि प्रेमिका के छोड़कर चले जाने से नाराज युवक ने बदला लेने के लिए उसके दोनों पालतू कुत्तों को निशाना बनाया। एक कुत्ते को फांसी लगाकर और दूसरे को ईंट से सिर कुचलकर मारने का आरोप है। घटना के बाद जादवपुर थाने की पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों कुत्तों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
लिव-इन पार्टनर से अलग हुई युवती, फ्लैट में छोड़ गई थी पालतू कुत्ते
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विक्रमगढ़ स्थित एक फ्लैट में संजीव भट्टाचार्य और उनकी लिव-इन पार्टनर डीजे परी नवा साथ रहते थे। हाल ही में दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। इसके बाद युवती संजीव को छोड़कर फ्लैट से चली गईं। हालांकि, वह अपने दोनों पालतू कुत्तों को उसी फ्लैट में छोड़ गई थीं। आरोप है कि प्रेमिका के इस तरह चले जाने से संजीव काफी नाराज थे और इसी गुस्से में उन्होंने दोनों बेजुबान जानवरों को निशाना बनाया।
वीडियो कॉल कर प्रेमिका को दिखाया कुत्ते को फांसी पर लटकाने का दृश्य
आरोप है कि घटना के दिन संजीव ने अपनी पूर्व लिव-इन पार्टनर को वीडियो कॉल किया। इस दौरान उन्होंने एक पालतू कुत्ते के गले में फंदा डालकर उसे लटकाते हुए दिखाया। कथित तौर पर कुत्ते की हत्या का दृश्य भी युवती को वीडियो कॉल पर दिखाया गया। युवती ने इस वीडियो को विक्रमगढ़ के एक युवक के साथ साझा किया। इसके बाद स्थानीय लोग आरोपी के फ्लैट पर पहुंचे। वहां दोनों कुत्ते अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों का दावा है कि फ्लैट के फर्श पर काफी खून भी फैला हुआ था।
मौके पर पहुंचीं अभिनेत्री देवलीना दत्ता, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री और पशु प्रेमी देवलीना दत्ता मौके पर पहुंचीं। इसके बाद जादवपुर थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी संजीव को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, दोनों मृत कुत्तों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं, ताकि उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
देवलीना दत्ता का गंभीर आरोप, प्रेमिका से बदला लेने के लिए की हत्या
देवलीना दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक, आरोपी ने खुद अपना नाम बताते हुए कथित तौर पर कुत्तों की हत्या करने की बात स्वीकार की। देवलीना के दावे के अनुसार, आरोपी ने कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड उसे छोड़कर चली गई और पैसे लेकर भाग गई। इसी का बदला लेने के लिए उसने एक कुत्ते को फांसी लगाकर और दूसरे छोटे कुत्ते के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भेजी टीम, पशु प्रेमियों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल को भी दी गई। पशु प्रेमियों से शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने तत्काल घटनास्थल पर एक टीम भेजी। देवलीना दत्ता ने बताया कि उन्होंने मंत्री से फोन पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी थी। साथ ही उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दोनों कुत्तों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात भी कही। इस अमानवीय घटना को लेकर पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। सभी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों पालतू कुत्तों की मौत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।