पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नगरपालिकाओं और पंचायतों की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नागरिक सेवाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य की जनता से नई सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करने के लिए एक साल का समय मांगा। रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही।
'हमने कभी नहीं कहा कि छह महीने में सारे काम पूरे हो गए'
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी ने कभी यह दावा नहीं किया कि सत्ता में आने के छह महीने के भीतर सभी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी की ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया है कि संगठन और सरकार दोनों अलग-अलग हैं। हालांकि, बीजेपी के चुनाव चिह्न पर सरकार चुनी गई है, इसलिए राज्य की जनता से नई सरकार के कामकाज को समझने और परखने के लिए एक साल का समय मांगा जा रहा है।
कोलकाता और हावड़ा नगर निगम को लेकर बोले शमिक, 'हमने किसी निगम को भंग नहीं किया'
राज्य की नगरपालिकाओं और नगर निगमों की प्रशासनिक स्थिति पर बोलते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कोलकाता और हावड़ा नगर निगम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हमने कभी कोलकाता के मेयर को पद छोड़ने के लिए नहीं कहा। पश्चिम बंगाल की किसी नगरपालिका या नगर निगम को भी हमने भंग नहीं िया है।
नगरपालिकाओं की बदहाली के लिए पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार को ठहराया जिम्मेदार
शमिक भट्टाचार्य ने नगरपालिकाओं में कथित प्रशासनिक ठहराव और नागरिक सुविधाओं से लोगों के वंचित होने के लिए पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक विफलताओं के कारण स्थानीय निकायों की यह स्थिति बनी है।
चुनाव प्रक्रिया और राज्य चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उठाए सवाल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव किस तरह संपन्न हुए, इससे राज्य की जनता अनजान नहीं है। उन्होंने राज्य चुनाव आयोग की भूमिका और चुनाव के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि चुनाव के समय पुलिस की भूमिका एक मूकदर्शक जैसी रही।
'अब राजनीतिक लड़ाई खुद नहीं लड़ रही TMC', शमिक ने CPM के साथ नजदीकी का लगाया आरोप
तृणमूल कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक रणनीति पर हमला बोलते हुए शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि अब पार्टी सीधे राजनीतिक लड़ाई लड़ने के बजाय माकपा (CPM) के जरिए अदालत का रुख कर रही है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल अब अदालत जाने से भी बच रही है और राजनीतिक लड़ाई में दूसरे दलों का सहारा ले रही है।
कभी एक मंच पर बैठने से परहेज, अब TMC और CPM के बीच नजदीकी का दावा
शमिक ने तृणमूल कांग्रेस और माकपा के पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय दोनों दलों के बीच तीखा राजनीतिक संघर्ष था। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कभी माकपा के साथ एक मंच साझा करने को तैयार नहीं होती थी और अब दोनों के बीच नजदीकी दिखाई दे रही है। उन्होंने तृणमूल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर कटाक्ष करते हुए उसे 'नामहीन, वर्णहीन और प्रतीकहीन' करार दिया।