कोलकाता: पश्चिम बंगाल में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है। बीरभूम के रतन शेख की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा, “ये जो गुंडे हैं, यहां से भाग जाओ! सब भाग जाओ, बांग्लादेश चले जाओ। यहां रहोगे तो बिल्कुल बख्शे नहीं जाओगे। बंगाल में एक भी गुंडा नहीं रहेगा।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
“सुबह जमा, शाम को हिसाब!” चुनाव से पहले किया था अपराधियों को लेकर बड़ा ऐलान
विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपराधियों को लेकर 'सुबह जमा, शाम को खर्च' जैसी सख्त टिप्पणी की थी। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई के बीच उनके पुराने बयान की चर्चा फिर तेज हो गई है। रतन शेख की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने दोबारा स्पष्ट कर दिया कि नई सरकार में अपराध और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं होगी।
पुलिस पर गोली चलाकर फरार हुआ था रतन शेख
दरअसल, बीते शुक्रवार रात बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन इलाके में रतन शेख नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर गोलीबारी हुई थी। आरोप है कि रतन शेख ने पुलिस को निशाना बनाकर गोली चलाई, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घायल कांस्टेबल से मुलाकात करने शनिवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बताया था कि रतन शेख के खिलाफ करीब 36 मामले दर्ज हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
चोरी, डकैती और हत्या समेत कई मामलों में आरोपी था रतन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रतन शेख का नाम लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में सामने आता रहा था। चोरी, डकैती, लूटपाट और हत्या जैसे गंभीर आरोपों में वह कथित तौर पर शामिल था। शांतिनिकेतन थाने में ही उसके खिलाफ करीब 10 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के दौरान भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। हालांकि, सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़, रतन शेख की मौत
इसके बाद रविवार को हथियार बरामदगी के लिए पुलिस रतन शेख को लेकर अभियान पर निकली थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा गोली चला दी। गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रतन शेख घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद राज्य में पुलिस एनकाउंटर को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है।
छह महीने में पांच एनकाउंटर, कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पिछले छह महीनों में पांच पुलिस एनकाउंटर की घटनाएं सामने आई हैं। सबसे पहले बारुईपुर दुष्कर्म और हत्या मामले के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनकाउंटर किया। इसके बाद गायघाटा दुष्कर्म मामले में भी आरोपी पुलिस की गोली से घायल हुआ। इसी दौरान समशेरगंज में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी के खिलाफ भी पुलिस ने मुठभेड़ में कार्रवाई की। वहीं, इसी महीने की 9 तारीख को रायगंज के दुष्कर्म और हत्या मामले में भी आरोपी की एनकाउंटर में मौत हुई। अब बीरभूम में रतन शेख की मौत के साथ छह महीने में एनकाउंटर की घटनाओं की संख्या पांच हो गई है।
“पुलिस पर गोली चलेगी तो मौके पर ही जवाब मिलेगा” CM की दो टूक
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी लगातार कह रहे हैं कि नई सरकार में अराजकता, अपराध, गुंडागर्दी, महिला उत्पीड़न और हत्या जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई करने की छूट देने की बात भी कही है। रविवार को रतन शेख की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने फिर दोहराया कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश करेगा तो मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
अपराधियों को बंगाल छोड़ने की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने अपराधियों को सीधे तौर पर राज्य छोड़ने की चेतावनी देते हुए कहा, “ये जो गुंडे हैं, यहां से भाग जाओ! सब भाग जाओ, बांग्लादेश चले जाओ। यहां रहोगे तो बिल्कुल बख्शे नहीं जाओगे। बंगाल में एक भी गुंडा नहीं रहेगा।” मुख्यमंत्री के इस आक्रामक बयान के बाद बंगाल की राजनीति में सियासी हलचल तेज होने के आसार हैं।